Gujarat

सड़क दुर्घटना में जैन आर्यिका श्रुतमति माताजी का निधन: गुजरात

गुजरात के दाहोद में एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में जैन आर्यिका श्रुतमति माताजी और एक श्रावक का तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से निधन हो गया। यह घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की है, जब माताजी विहार कर रही थीं।

घटना की भयावहता इस बात से स्पष्ट होती है कि टक्कर के बाद वाहन ने माताजी को लगभग 300 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। माताजी मुंबई से आचार्य भगवंत के दर्शन के लिए विहार कर रही थीं और मात्र 36 वर्ष की थीं।

जैन समाज में आक्रोश
इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही जैन समाज में गहरा शोक और आक्रोश फैल गया। आचार्य सुनील सागर जी महाराज ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और कड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की कि जब तक दोषी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, वे किसी भी प्रकार का आहार या जल ग्रहण नहीं करेंगे। जैन समाज के प्रमुख संगठनों ने इस घटना पर तीव्र नाराजगी जाहिर की है। वीर जिनशासन एकता संघ के प्रचारक राजेश जैन दद्दू और विश्व जैन संगठन के मयंक जैन ने गुजरात सरकार से मांग की है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

आंदोलन करने की चेतावनी
जैन समाज ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस घटना के बाद समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है और देशभर के जैन अनुयायी न्याय की मांग कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि आर्यिका श्रुतमति माताजी, आचार्य सन्मति सागर जी महाराज से शिक्षित थीं और आचार्य सुनीलसागर जी की शिष्या थीं। इस हृदयविदारक हादसे से न केवल गुजरात बल्कि इंदौर सहित पूरे देश के समूचे जैन समाज में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई है।

(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है(www.abhinavbharatnews.com)

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button