
गुजरात के अहमदाबाद शहर में शुक्रवार सुबह एक फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस से तीन श्रमिकों की मौत हो गई। श्रमिक दानिलिमडा इलाके में जींस धोने वाली फैक्ट्री में भूमिगत सेप्टिक टैंक की सफाई कर रहे थे।
सहायक पुलिस आयुक्त वाई ए गोहिल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टैंक में घुसते ही श्रमिक प्रकाश परमार, विशाल ठाकोर और सुनील राठवा की दम घुटने से मौत हो गई। यूनिट कुछ समय से बंद थी और मालिक इसे फिर से चालू करना चाहता था। मालिक ने सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए एक ठेकेदार को काम पर रखा था।
गोहिल ने बताया, पुलिस जांच में पता चला है कि एक श्रमिक टैंक में घुसने के बाद बेहोश हो गया। बाकी लोग उसे देखने के लिए टैंक में उतरे। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसीपी ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ठेकेदार और फैक्ट्री मालिक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया जाएगा। क्योंकि पीड़ितों को कोई सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराया गया था।
(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है.
(www.abhinavbharatnews.com)



