BusinessGujarat

पत्रकार महेश लांगा ED के शिकंजे मे:गुजरात

प्रवर्तन निदेशालय,ED ने मंगलवार को कथित वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में गुजरात के एक पत्रकार को गिरफ्तार किया। गुजरात में ‘द हिंदू’ समाचार पत्र के संवाददाता महेश लांगा को हिरासत में लेकर अहमदाबाद में PMLA कोर्ट के समक्ष पेश किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अदालत ने महेश प्रभुदान लांगा को 28 फरवरी तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। बता दें कि लांगा के खिलाफ यह चौथा मामला है। इससे पहले उन्हें वस्तु एवं सेवा कर (GST) धोखाधड़ी के लिए गिरफ्तार किया गया था।

पूरा मामला जानिए

लांगा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का यह मामला अहमदाबाद पुलिस द्वारा दर्ज की गई दो FIR से उत्पन्न हुआ है, जिनमें धोखाधड़ी, आपराधिक गबन, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और कुछ लोगों को लाखों रुपये का गलत नुकसान पहुंचाने के आरोप शामिल हैं। लांगा के वकील ने पहले उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों से इनकार किया था। ED के अनुसार, रिपोर्टर को बड़ी रकम से जुड़े कई “धोखाधड़ी” वित्तीय लेनदेन में संलिप्त पाया गया। इसमें आरोप लगाया गया कि उनके वित्तीय लेन-देन में विभिन्न व्यक्तियों से “जबरन वसूली”, निरंतर हेरफेर और “मीडिया प्रभाव का उपयोग” शामिल था।

GST मामले में भी हुई थी गिरफ्तारी

केंद्रीय जांच एजेंसी ने दावा किया कि लांगा जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट “घोटाले” में शामिल थे, जिसकी जांच भी ईडी कर रही है। लांगा को 8 अक्टूबर, 2024 के दिन अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था।

महेश लांगा कौन हैं?

द हिंदू के गुजरात संवाददाता महेश पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर ब्लैकमेल, सेटलमेंट और अवैध कारोबार किया और इन गतिविधियों के जरिए कथित तौर पर लाखों कमाए। उनका नाम सरकारी दस्तावेजों के लीक होने के मामले में भी सामने आया है, जिसकी एफआईआर गांधीनगर में दर्ज की गई है।

पिछले साल अहमदाबाद क्राइम ब्रांच द्वारा महेश के घर की तलाशी में 20 लाख रुपये नकद, महंगे गहने और संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए गए थे। महेश लांगा की सालाना सैलरी 9 लाख रुपये थी। उनके पिछले 2022-23 के आयकर रिटर्न में उनकी खुद की आय 9.48 लाख रुपये और उनकी पत्नी की आय 6.04 लाख रुपये बताई, यानी उनकी 1 साल की आय करीब 15.5 लाख रुपये है और उनके घर से 20 लाख रुपये नकद मिले। इसके अलावा, यह भी पता चला है कि महेश और उनकी पत्नी अक्सर लग्जरी होटलों में ठहरते थे।

(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है(www.abhinavbharatnews.com)

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button