
नागपुर में दंगाइयों से बुलडोजर एक्शन के जरिए हिसाब पूरा किया जा रहा है। इसी क्रम नागपुर हिंसा के मामले में महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है।
नागपुर में हिंसा के कथित मास्टरमाइंड फहीम खान के घर को ढहा दिया गया है। देवेंद्र फडणवीस सरकार ने फहीम खान के घर पर बुलडोजर चलवाया है।
नागपुर पुलिस हिंसा मामले में आरोपी फहीम खान को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार को नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर फहीम खान के घर पर पहुंची। यहां पहले बिजली का कनेक्शन काटा गया और उसके बाद अवैध हिस्से पर बुलडोजर से कार्रवाई की गई। कुछ ही मिनटों में बुलडोजर से फहीम खान के घर को ढहा दिया गया। हालिया बयानों में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हिंसा की घटना के बाद आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कर चुके हैं।
22 मार्च को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हिंसा के दौरान हुए नुकसान की भरपाई दंगाइयों से की जाएगी। अगर वो पैसे नहीं देते हैं तो उनकी संपत्ति बेचकर वसूली की जाएगी। जरूरत पड़ने पर बुलडोजर का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है.
(www.abhinavbharatnews.com)



