
कोर्ट ने मुख्य अभियुक्त पुलकित आर्य के साथ दो अन्य अभियुक्तों सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को हत्या, साक्ष्य मिटाने, अनैतिक देह व्यापार और छेड़खानी के मामले में दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई है. साथ ही कोर्ट ने आदेश दिया कि अंकिता के परिवार को चार लाख रुपए का मुआवज़ा दिया जाए.मुख्य अभियुक्त, पुलकित आर्य भारतीय जनता पार्टी के नेता रहे और पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य के बेटे हैं.
मुख्य अभियुक्त पुलकित आर्य को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 के तहत उम्र कै़द और 50 हज़ार रुपए का जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा साक्ष्य नष्ट करने (धारा 201) के लिए पांच साल, यौन उत्पीड़न (धारा 354 ए ) में दो साल और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(ए) में पांच साल की सज़ा और जुर्माना लगाया गया है.
अन्य दो अभियुक्तों सौरभ और अंकित को भी समान धाराओं में सज़ा दी गई है.अदालत में सुनवाई के दौरान अंकिता के माता-पिता और तीनों अभियुक्त मौजूद थे.
कोर्ट का फ़ैसला आने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान अंकिता की माँ सोनी देवी ने कहा कि इस फ़ैसले से मेरी बेटी की आत्मा को आंशिक रूप से शांति मिली होगी.
सोनी देवी का कहना है, “उन्होंने (अभियुक्तों) हमारी बेटी के साथ इतना बुरा किया और हमारी ज़िंदगी नरक बना दी. मैं संतुष्ट तब होती अगर मेरे जीते-जी उन्हें फाँसी की सज़ा मिलती. यह दु:ख एक माँ ही समझ सकती है कि एक बेटी को खोने का दर्द क्या होता है. जनता की वजह से आज हमें यह पहली जीत मिली है. अब यह लड़ाई और बड़ी हो गई है.”
अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी भी कोर्ट के फ़ैसले को लेकर पूरी तरह से संतुष्ट नहीं दिखाई दिए.
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “जिस तरह से उन्होंने मेरी निर्दोष लड़की को मारा है, उस हिसाब से हमारे जीते-जी इनको फाँसी होनी चाहिए थी. बहुत सारे लोग बच गए हैं. रिसॉर्ट को तोड़ा गया और जानबूझकर सबूत नष्ट किए गए. हम फ़ैसले के ख़िलाफ़ ऊपरी अदालत में जाएंगे.”
उत्तराखंड के ज़िले पौड़ी गढ़वाल के डोभ श्रीकोट की रहने वाली अंकिता भंडारी ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र और चीला के बीच मौजूद वनंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं.
2022 के सितंबर माह में अंकिता के लापता होने की ख़बर आई और फिर दो दिन बाद चीला नहर से अंकिता का शव बरामद किया गया था.
युवती की हत्या, साक्ष्य मिटाने और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत गंभीर आरोपों में पुलिस ने वनंतरा रिसॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को गिरफ़्तार किया.
वर्तमान में पुलकित आर्य अल्मोड़ा, अंकित गुप्ता देहरादून और सौरभ भास्कर टिहरी की जेल में बंद हैं.
एककदमश्रेष्ठभारतकी_और
अभिनवभारतन्यूज
NewsUpdate #insta #instagood #india #trending #news #न्यूज़
www.abhinavbharatnews.com



