गोशाला में घुसे हथियारबंद बदमाश 70 गोवंश लापता:मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश के जबलपुर के खमरिया थाना क्षेत्र स्थित मटामर गौशाला में हथियार बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया. आरोप है कि बदमाशों ने न केवल गौशाला में तोड़फोड़ की, बल्कि वहां बंधे ढाई सौ में से करीब 70 गोवंश को जबरदस्ती उठा ले गए, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है.गौशाला संचालक ने इस पूरे मामले को गोवंश के कत्लेआम से जोड़ते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
गौशाला संचालक ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी दिए गए हैं, जिसमें बदमाश तांडव मचाते हुए दिखाई दे रहे हैं. CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से लैस बदमाश गौशाला में घुसते हैं और वहां के गोवंश को जबरदस्ती बाहर निकालते हैं. आरोप है कि बदमाशों ने गौशाला के अंदर जमकर तोड़फोड़ करने के साथ-साथ लूटपाट भी की.
कड़ी कार्रवाई की मांग
गौशाला संचालक ने दावा किया है कि वारदात के बाद कई जगहों पर गोवंश के कटे हुए सिर और धड़ मिले हैं. ऐसे में संदेह गहराता जा रहा है कि इन मवेशियों को अवैध रूप से काटा गया है. घटना के बाद गौशाला संचालक रामजी शरण महाराज ने स्थानीय साधु-संतों के साथ मिलकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और इस हमले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
गौशाला में रखे गए मवेशियों से थी दिक्कत
गौशाला संचालक ने आरोप लगाया कि इलाके के कुछ दबंगों को गौशाला में रखे गए मवेशियों से दिक्कत थी, क्योंकि ये मवेशी उनके झुंड में शामिल हो जाते थे. ऐसे में इसी बात को लेकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया. साधु-संतों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द से जल्द गायब गोवंश को खोजकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे. स्वामी कलीनंद महाराज ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक गौशाला का नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है, और इसे किसी भी हालत में हल्के में नहीं लिया जा सकता.
गौशाला में लूट और तोड़फोड़ का भी आरोप
गौशाला संचालक ने न केवल गोवंश के गायब होने और उनके कत्लेआम का आरोप लगाया है, बल्कि गौशाला में लूटपाट का भी दावा किया है. उनका कहना है कि बदमाशों ने गौशाला की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के अलावा वहां से कई कीमती सामान भी चुरा लिए. गौशाला के संचालक रामजी शरण महाराज का कहना है “यह सिर्फ गौशाला पर हमला नहीं, बल्कि हमारी आस्था पर हमला है. 70 से अधिक गोवंश गायब हैं, और हमें संदेह है कि उनका कत्लेआम किया गया है. प्रशासन को जल्द से जल्द कार्रवाई करनी चाहिए.” वहीं संत समाज की ओर से स्वामी कलीनंद महाराज ने चेतावनी देते हुए कहा कि “अगर दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो हम उग्र आंदोलन करेंगे। गौमाता की रक्षा के लिए हम किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं.”
पुलिस ने शुरू की जांच
गौशाला संचालक द्वारा पुलिस को CCTV वीडियो सौंपने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एसीपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस टीमें गठित कर लापता गोवंश की तलाश की जा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. गौशाला में हुई इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोग और धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस की जांच के नतीजे और प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं. मटामर गौशाला में हुई इस घटना ने पूरे जबलपुर को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस जांच जारी है और अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है.
(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है.
(www.abhinavbharatnews.com)



