गुजरात के अमरेली जिले में बड़ा हादसा हुआ है. मंगलवार दोपहर शास्त्री नगर के रिहायशी इलाके में एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह विमान एक निजी कंपनी का बताया जा रहा है.सूचना के मुताबिक, विमान में दो लोग सवार थे. हादसे में विमान उड़ा रहे पायलट की मौके पर ही मौत हो गई. दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

विमान क्रैश होते ही हुआ तेज धमाका
विमान क्रैश होते ही तेज धमाका हुआ. देखते ही देखते विमान में आग लग गई. पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग घबराकर बाहर आ गए. यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे गिरिया रोड के पास हुआ. आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाई. पुलिस के आला अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही विमान दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमान एक खुले मैदान में गिरने से पहले एक पेड़ से टकराया था. गनीमत रही कि हादसे से आसपास की इमारतों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.
(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है.
(www.abhinavbharatnews.com)



