खड़ी बस में महिला से रेप:पुणे

स्वारगेट बस स्टैंड पर खड़ी बस में महिला से रेप की वारदात से पूरे महाराष्ट्र को दहला दिया है. जहां बस खड़ी थी, उससे कुछ ही मीटर दूर पुलिस थाना है. घटना मंगलवार तड़के करीब 6 बजे हुई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर ली है.
उसे दबोचने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं. बस डिपो के 23 सुरक्षा गार्ड सस्पेंड कर दिए गए हैं. विपक्ष ने इस जघन्य वारदात के लिए सत्ताधारी महायुति को आड़े हाथों लिया. इस बीच, डिप्टी सीएम और पुणे के पालक मंत्री, अजित पवार ने आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग उठाई है. ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर प्रताप सरनाइक ने महिला यात्रियों की सुरक्षा पर चर्चा के लिए गुरुवार दोपहर को मंत्रालय में बड़ी मीटिंग बुलाई है. राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने मामले का संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई को कहा है. पुणे बस रेप कांड में अभी तक के 5 बड़े अपडेट देखिए:
कैसे हुई घटना
महिला मंगलवार सुबह 5:45 बजे फलटन जाने वाली बस का इंतजार कर रही थी. तभी एक शख्स उसके पास आया और उसे ‘दीदी’ कहकर बुलाया. उसने महिला को बताया कि उसकी बस दूसरे प्लेटफॉर्म पर आ गई है. इसके बाद आरोपी उसे एक खाली बस में ले गया. पहले तो महिला ने अंदर जाने से इनकार किया, लेकिन आरोपी ने उसे टॉर्च की रोशनी से जांचने की सलाह दी. जैसे ही महिला अंदर गई, आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और फिर मौके से फरार हो गया.
हालांकि इस भीड़भाड़ वाले इलाके में यह घटना हुई, लेकिन पीड़िता ने तुरंत शिकायत नहीं की. वह पहले बस से फलटन चली गई और रास्ते में एक दोस्त से फोन पर बात की. दोस्त के कहने पर उसने पुणे शहर में ही उतरकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
आरोपी कौन है?
सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान 36 वर्षीय दत्तात्रय रामदास गाडे के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, गाडे के खिलाफ पहले भी चोरी और चैन स्नेचिंग के मामले दर्ज हैं. पुणे पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है.
डिपो के 23 सुरक्षा गार्डों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कल से नए सुरक्षा गार्डों की तत्काल भर्ती करने का आदेश दिया है. इसके अलावा, स्वारगेट एसटी डिपो प्रबंधक और यातायात नियंत्रक से पूछताछ की जाएगी और एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी. इस रिपोर्ट को परिवहन आयुक्त को सौंपे जाने के बाद कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा.
(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है(www.abhinavbharatnews.com)



