
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के थान क्षेत्र में खनिज माफियाओं की नई करतूत सामने आई है। अवैध कार्बोसेल चोरी के लिए जमीन के 100 फीट नीचे दो सुरंगें बनाई गई थीं, जिन्हें प्रशासन ने पकड़ लिया है।
सुरेंद्रनगर जिले के थान के नलखंभा गांव में खनिज माफियाओं ने कार्बोसेल चोरी के लिए जमीन के नीचे करीब 100 फीट गहरी दो अवैध सुरंगें बना डाली थीं। प्रशासन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर प्रांत अधिकारी ने खुद मौके पर पहुंचकर इन सुरंगों का भंडाफोड़ किया।
इन अवैध सुरंगों से 11 मजदूरों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया, जो अपनी जान जोखिम में डालकर भीतर काम कर रहे थे। जांच में सामने आया कि निजी जमीनों में तीन अवैध खदानें चलाई जा रही थीं। मौके से चर्खी मशीन और कार्बोसेल समेत अन्य सामग्री जब्त की गई है।
प्रशासन ने खनिज माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्रनगर जिले में बड़े पैमाने पर अवैध कार्बोसेल और कोयले की चोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिसमें मजदूरों की जान भी जा चुकी है। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है। आगे की जांच जारी है।
(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है.
(www.abhinavbharatnews.com)



