BusinessIndiaPolitics

पंजाब नेशनल बैंक से लोन धोखाधड़ी मामले में आरोपी भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 65 वर्षीय चोकसी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की अपील पर शनिवार को गिरफ्तार किया गया था और वह अभी भी जेल में है.

मेहुल चोकसी ने पंजाब नेशनल बैंक से 13,500 करोड़ रुपये का लोन फ्रॉड किया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए भारत से भागकर बेल्जियम पहुंच गया था. यहां वो अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ एंटवर्प में रह रहा था.

बेल्जियम की पुलिस ने मेहुल चोकसी को गिरफ्तार करते समय मुंबई की एक कोर्ट द्वारा उसके खिलाफ जारी किए गए दो अरेस्ट वारंट का हवाला दिया. रिपोर्ट में कहा गया है कि ये वारंट 23 मई, 2018 और 15 जून, 2021 को जारी किए गए थे. हालांकि कहा जा रहा है कि मेहुल चोकसी खराब स्वास्थ्य और अन्य कारणों का हवाला देते हुए जमानत और तत्काल रिहाई की मांग कर सकता है.

पीएनबी से 13,850 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में सीबीआई और ईडी द्वारा मेहुल चोकसी पर मुकदमा चल रहा है. इस मामले में चोकसी का भतीजा नीरव मोदी भी आरोपी है, जो लंदन में छिपा हुआ है और उसके प्रत्यर्पण का भी इंतजार किया जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button