जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी….

जम्मू -कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास घुसपैठ कर एक घने नर्सरी में छिपे आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। रविवार को सुरक्षाबलों ने आतंकियों को चारों ओर से रविवार को घेर लिया, जिसके बाद दोनों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच शाम में आधे घंटे से अधिक समय तक भीषण गोलीबारी हुई। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच उस दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई जब जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सान्याल गांव के नर्सरी में शाम को तलाशी अभियान शुरू किया था। यह गांव अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब पांच किलोमीटर दूरी पर स्थित है।
आतंकवादियों ने पुलिस दल पर भारी गोलीबारी की
उन्होंने बताया कि छिपे हुए आतंकवादियों ने पुलिस दल पर भारी गोलीबारी की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां क्षेत्र में तैनात कर दी गई हैं। नर्सरी के चारों ओर घेराबंदी मजबूत कर दी गई है और आतंकवादियों को ढेर करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार, नर्सरी में लकड़ियां इकट्ठा करने गईं कुछ महिलाओं ने आतंकवादियों को देखा और उन्होंने बताया है कि उनकी संख्या पांच है। ऐसा माना जा रहा है कि आतंकी कल रात सीमा पार से घुसपैठ कर आए थे और यहां छिपे बैठे हैं।
बच्ची को पहुंची चोट
अधिकारियों ने बताया कि सात वर्षीय बच्ची आंचल कुमार को चोट पहुंची है और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, अभी तक बच्ची को चोट पहुंचने के सही कारण का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात अभियान की निगरानी कर रहे हैं। सेना की राइजिंग स्टार कोर ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस और राइजिंग स्टार कोर के जवानों ने 23 मार्च को सान्याल हीरानगर क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान शुरू किया। अभियान जारी है।
शख्स को बंधक बनाया, महिला ने दिखाई चतुराई
स्थानीय निवासी अनीता देवी (48) ने बताया कि भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने उनके पति को उस समय पकड़ लिया जब वे लकड़ी इकट्ठा करने के लिए पौधशाला गए थे। देवी ने बताया, आतंकवादियों ने हथियार के बल पर मेरे पति को बंधक बना रखा था और मुझे भी पास आने को कहा। लेकिन मेरे पति ने मुझे भागने का इशारा किया और मैं भागने लगी। आतंकवादियों में से एक ने मुझे रोकने की कोशिश की, लेकिन मैं चिल्लाने लगी, जिससे घास काट रहे दो और लोगों का ध्यान उनकी ओर गया। उन्होंने कहा कि घटना शाम करीब 4.30 बजे हुई और वे सभी घर लौट आए और पुलिस को सूचना दी। जिला विकास पार्षद करण कुमार ने बताया कि सुरक्षाबलों द्वारा पौधशाला में छिपे आतंकवादियों को मार गिराने के लिए शुरू किए गए अभियान के बाद पूरे इलाके में भारी गोलीबारी शुरू हो गई।
(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है.
(www.abhinavbharatnews.com)



