
उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का आज निधन हो गया है. वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे. उन्होंने रविवार को सुबह अंतिम सांस ली. अरविंद सिंह के निधन के समाचार के बाद पूरे मेवाड़ अंचल में शोक की लहर छा गई. अरविंद सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को होगा.
उससे पहले पूर्व राजपरिवार की ओर से कई परंपराएं निभाई जाएंगी. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के पिता अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन के बाद सिटी पैलेस में भीड़ जुटना शुरू हो गई है.
अरविंद सिंह मेवाड़ की शिक्षा मेयो कॉलेज अजमेर में हुई थी. अरविंद सिंह उदयपुर के पूर्व महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ के छोटे बेटे थे. उनके बड़े भाई महाराणा महेन्द्र सिंह मेवाड़ थे. उनका भी पिछले दिनों लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था. पंरपरा के अनुसार महेन्द्र सिंह मेवाड़ राजघराने की गद्दी के उत्तराधिकारी थे. लेकिन मेवाड़ रियासत और उसके होटल समूह का संरक्षण अरविंद सिंह के पास ही था.
अरविंद सिंह मेवाड़ की ख्याति देशभर में रही है
महाराणा प्रताप के वशंज अरविंद सिंह मेवाड़ की ख्याति देशभर में रही है. उदयपुर के मेवाड़ राजवंश में महाराणा प्रताप के बाद 19 महाराणा बने हैं. इनमें 1930 में भूपाल सिंह मेवाड़ के महाराणा बने थे. उसके बाद 1955 में भूपाल सिंह के निधन के बाद भगवत सिंह मेवाड़ के आखिरी महाराणा बने थे. भगवत सिंह मेवाड़ के दो बेटे और एक बेटी थी. इनमें सबसे बड़े महेंद्र सिंह मेवाड़, अरविंद सिंह मेवाड़ तथा बेटी योगेश्वरी शामिल हैं.
आधा मेवाड़ परिवार सक्रिय राजनीति में है
वर्तमान में आधा मेवाड़ परिवार सक्रिय राजनीति में है. महेन्द्र सिंह मेवाड़ चित्तौड़गढ़ से सांसद रहे थे. उसके बाद अब उनके बेटे विश्वराज सिंह मेवाड़ वर्तमान में नाथद्वारा से बीजेपी के विधायक हैं. वहीं उनकी पत्नी महिमा कुमारी राजसमंद से बीजेपी की सांसद हैं. अरविंद सिंह मेवाड़ के एक बेटा लक्ष्यराज सिंह हैं. वे राजनीति से दूर होटल व्यवसाय को संभालते हैं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े हैं.
(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है.
(www.abhinavbharatnews.com)



