घोड़े को बना दिया शराब ‘तस्कर’, पकड़ा गया तो जमानत पर बहस छिड़ गई:बिहार

बीहार में शराब की तस्करी को लेकर हर दिन नए जुगाड़ सामने आते हैं. कोई ड्रोन उड़ाता है, तो कोई बाइक में पेट्रोल की टंकी को सही काम पर लगाता है… लेकिन बेतिया में जो हुआ वो तो फिल्म वाले अपनी स्क्रिप्ट में भी नहीं लिख सकते थे!कुछ भी हुआ, उसे अगर एक लाइन में लिखें तो कुछ इस तरह से बयां करेंगे- घोड़ा आया, शराब लाया और पुलिस पकड़ कर ले गई!
हुआ ये कि वारदात वाले दिन बेतिया जिले के नौतन थाना क्षेत्र में एक घोड़ा आराम से चलते हुए आया, पीठ पर कुछ भारी-भरकम चीज़ें लदी थी. पुलिस को शक हुआ – पास बुलाया, चेक किया तो निकलीं चार पेटियां और वो भी विदेशी शराब की!
हवा से बातें करना घोड़े का काम, लेकिन हवा हो गए तस्कर!
घोड़े का कोई ‘आधार कार्ड’ नहीं मिला. ना ही उसका ड्राइवर हत्थे चढ़ा और ना ही मालिक… गिरफ्तार (जब्त) हो गया. आरोपी की पहचान तो हुई. एकदम घोड़ा निकला. पर नाम नहीं मिला. शायद पुलिस अब उसे प्यार से ‘डॉन घोड़ा’ कह रही है और थाने में चारे-पानी का इंतजाम भी खुद कर रही है.
पुलिस ने फिलहाल घोड़े को थाना परिसर में ही कस्टडी में रखा है. इसे ‘हाउस कस्टडी’ मान लीजिए. अब सवाल ये है कि गिरफ्तार हुए घोड़े की जमानत के लिए बॉन्ड भरेगा कौन? अच्छी बात ये है कि घोड़ा पूरे घटनाक्रम को लेकर इमोशनलेस है. क्योंकि काम भी नहीं करना पड़ रहा और खाने का दुरुस्त इंतजाम भी है.
इस पूरे मामले पर बेतिया पुलिस ने भी बयान जारी किया है. पुलिस का कहना है,
घोड़े का इस्तेमाल पहली बार शराब तस्करी में हुआ है. यह नया तरीका है. मालिक की तलाश जारी है.
लेकिन पब्लिक भला पुलिस की सफाई कहां सुनने वाली है. बोले जा रही है कि “भाई, घोड़ा VIP कैदी लग रहा है!”
(इस खबर को अभिनव भारत न्यूज की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह न्यूज डिजिटल मीडिया के माध्यम से सीधे प्रकाशित की हुई है.
(www.abhinavbharatnews.com)



