GujaratIndia

ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में ‘ऑपरेशन शील्ड’ मॉक ड्रिल का आयोजन, युद्ध जैसी आपदा से निपटने का अभ्यास:सुरत

नागरिकों की सुरक्षा और आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सूरत के उमरवाड़ा स्थित ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में शुक्रवार को ‘ऑपरेशन शील्ड’ नामक एक वृहद मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

यह अभ्यास केंद्र सरकार के निर्देशानुसार संभावित युद्ध या हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों को परखने के लिए किया गया।

इस मॉक ड्रिल की शुरुआत ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट पर एक ‘एयर स्ट्राइक’ की काल्पनिक स्थिति से हुई, जिससे बाजार में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन संचालन केंद्र ने दमकल विभाग, 108 एंबुलेंस और पुलिस को तुरंत घटनास्थल पर रवाना किया। थोड़ी ही देर में आग ने भीषण रूप ले लिया, जिसे काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों ने पानी की बौछारें शुरू कर दीं।

सायरन बजाकर मार्केट में मौजूद व्यापारियों, ग्राहकों और आसपास की रिहायशी सोसायटियों के लोगों को अलर्ट किया गया और सुरक्षित स्थानों की ओर निर्देशित किया गया।

घटना स्थल पर 108 एंबुलेंस और स्मीमेर अस्पताल की टीम तुरंत पहुंची और हवाई हमले में ‘घायल’ लोगों को स्ट्रेचर पर अस्पताल पहुंचाया गया। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अभ्यास में कुल 79 ‘घायल’ लोगों को नजदीकी स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मामूली रूप से घायल 20 लोगों को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। मॉक ड्रिल में दमकल, पुलिस, पीसीआर, एसडीआरएफ, नागरिक सुरक्षा व स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ शामिल रहीं।

ड्रिल के अंत में सूरत के महापौर दक्षेश मावाणी, जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी, ई. पुलिस कमिश्नर वबांग जमीर और नगर निगम आयुक्त शालिनी अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मॉक ड्रिल के संचालन की सराहना की। इस अभ्यास ने सूरत शहर की आपदा प्रबंधन क्षमताओं और विभिन्न विभागों के समन्वय की प्रभावशीलता को प्रदर्शित किया।

एककदमश्रेष्ठभारतकी_और

अभिनवभारतन्यूज

NewsUpdate #insta #instagood #india #trending #news #न्यूज़

www.abhinavbharatnews.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button